Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

हाईकमान से मुलाकात की उम्मीद, चन्नी समर्थकों में बढ़ी हलचल

पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी कलह फिलहाल थमती नजर आ रही है, लेकिन पार्टी के भीतर असंतोष पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। प्रदेश नेतृत्व को लेकर नाराज नेताओं का गुट फिलहाल बैकफुट पर दिखाई दे रहा है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से फोन पर बातचीत की, जिसके बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी से बातचीत के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने मोरिंडा स्थित आवास पर समर्थक नेताओं की बैठक बुलाने की तैयारी की है। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगे की रणनीति और हाईकमान के रुख पर चर्चा होगी। चन्नी समर्थकों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें कांग्रेस हाईकमान से मिलने का समय मिल सकता है।

दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल नाराज नेताओं को मनाने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री ब्रह्म महेंद्र से भी मुलाकात की। बघेल का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष को बदलने का फैसला नहीं होगा, लेकिन सभी असंतुष्ट नेताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक लगातार यह मांग उठा रहे हैं कि उन्हें पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए या फिर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाए। उनका मानना है कि चन्नी की लोकप्रियता और संगठन पर पकड़ पार्टी को मजबूत कर सकती है। हालांकि कांग्रेस हाईकमान फिलहाल अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर भरोसा बनाए हुए है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व नाराज नेताओं को मनाने और संगठन में एकजुटता बनाए रखने की कोशिश करेगा। अब सभी की नजर हाईकमान के अगले फैसले और चन्नी की बैठक से निकलने वाले संदेश पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *