Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

15 मिनट चली PM मोदी और सुप्रिया सुले की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई बात

एनसीपी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के सभी आठ लोकसभा सांसदों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री के साथ हुई यह बैठक करीब 15 मिनट चली। बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों और सांसदों के अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सुप्रिया सुले ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ महाराष्ट्र के विभिन्न मुद्दों को लेकर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, एनसीपी (एसपी) के सांसदों ने अपने-अपने क्षे त्रों की स्थानीय समस्याओं को प्रधानमंत्री के सामने रखा और उनके समाधान के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर सहयोग की मांग की। बैठक में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा प्याज की कीमतों को लेकर किसानों और व्यापारियों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सांसदों ने प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव से प्रभावित किसानों की स्थिति को प्रधानमंत्री के सामने रखा। चंद्रभागा नदी में बढ़ते प्रदूषण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। सांसदों ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े पर्यावरण और जल संसाधनों से संबंधित समस्याओं पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर की इन समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सूत्रों के अनुसार, करीब 15 मिनट चली इस मुलाकात में विवादित FCRA संशोधन विधेयक पर चर्चा नहीं हुई। सुप्रिया सुले इस विधेयक के मौजूदा स्वरूप को लेकर पहले ही अपनी आपत्ति जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक को वापस लेने या इसे संयुक्त संसदीय समिति यानी JPC के पास भेजने की मांग की थी। सुप्रिया सुले ने इससे पहले कहा था कि विदेशी फंडिंग को हर बार संदेह की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि विदेशी योगदान से जुड़े नियमों में बदलाव करते समय व्यापक चर्चा और सभी पक्षों की राय को ध्यान में रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनसीपी (एसपी) सांसदों के बीच यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र से जुड़े कई मुद्दे राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में हैं। बैठक में सांसदों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखने का अवसर हासिल किया।

इससे पहले 22 जुलाई को एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने भी अपनी बेटी सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। उस बैठक में नीट पेपर लीक को लेकर छात्रों की मांगों, किसानों की समस्याओं, जल प्रबंधन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। शरद पवार ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया था कि प्रधानमंत्री ने उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक और ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया था। अब एक बार फिर सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के सभी आठ लोकसभा सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात को महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों को केंद्र तक पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। एनसीपी (शरद पवार गुट) फिलहाल विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद प्रधानमंत्री के साथ सांसदों की यह मुलाकात मुख्य रूप से अपने संसदीय क्षेत्रों और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों को लेकर रही। बैठक के बाद सुप्रिया सुले ने भी इसे महाराष्ट्र के मुद्दों पर केंद्रित बातचीत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *