Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

मोदी सरकार के 12 साल पर भाजपा का मीडिया संवाद, धामी ने रखी विकास की पूरी तस्वीर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को देश के विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता का स्वर्णिम अध्याय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बनाई है और देश तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने वाले नेताओं में शामिल हैं, बल्कि उन्होंने भारत की राजनीति और विकास की दिशा को भी बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनता द्वारा भाजपा को मिला जनादेश इस बात का प्रमाण है कि अब देश की जनता नारेबाजी नहीं, बल्कि विकास और काम के आधार पर मतदान करती है।

योजनाएं अब कागजों में नहीं, धरातल पर दिखती हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी योजनाएं केवल फाइलों और कागजों तक सीमित रहती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योजनाएं सीधे जनता तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है। धामी ने कहा कि गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। आज करोड़ों परिवारों को घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, बिजली और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दशकों तक गरीबी हटाने के नाम पर राजनीति की गई, लेकिन गरीबों के जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया है और गरीबों को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी व्यवस्थाओं ने भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया है। आज सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। भारत आज डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में अपनी पहचान बना चुका है।

आतंकवाद के खिलाफ बदली भारत की नीति

राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नया भारत आतंकवाद के खिलाफ केवल बयान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई भी करता है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और आतंकवाद विरोधी अभियानों ने पूरी दुनिया को भारत की नई सुरक्षा नीति और दृढ़ नेतृत्व का परिचय कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हुई हैं और वैश्विक मंचों पर देश का सम्मान लगातार बढ़ा है।

उत्तराखंड को मिला विशेष सहयोग

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय संबंध है। उनके मार्गदर्शन में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर, केदारनाथ रोपवे और हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। इसके अलावा वाइब्रेंट विलेज योजना, लखपति दीदी योजना और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाओं के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों और ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

राहुल गांधी के दौरे पर तंज

मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए उत्तराखंड केवल चुनावी पर्यटन का केंद्र रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी का राज्य से भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव है। धामी ने कहा कि राहुल गांधी का अल्मोड़ा दौरा मौसम खराब होने के कारण प्रभावित हुआ, लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि पहाड़ों में मौसम खराब था तो देहरादून और अन्य क्षेत्रों में कार्यक्रम किए जा सकते थे, लेकिन “युवराज” का मूड खराब हो गया और वे वापस लौट गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता विकास और समर्पण की राजनीति को समझती है तथा आने वाले समय में भी प्रदेश और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *