Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

उत्तराखंड में हीटवेव का हमला, देहरादून-हरिद्वार समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जैसे हालात

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब उत्तराखंड में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। नौतपा शुरू होते ही राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ गया है। मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए देहरादून समेत छह जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 26 मई को राजधानी देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जिले में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि 2 से 3 दिनों बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

राज्य में सबसे ज्यादा तापमान रुड़की में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। मुक्तेश्वर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

गर्मी बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को धूप में निकलते समय सिर ढकने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *