Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

रुद्रपुर में Blinkit कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, कई मांगें रखीं सामने

रुद्रपुर:- ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित मलिक कॉलोनी में Blinkit के डिलीवरी पार्टनर्स ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार करते हुए डिलीवरी सेवा अस्थायी रूप से रोक दी और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनर्स का आरोप है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे उन्हें रोजमर्रा के काम के दौरान कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

पेपर बैग की कमी को लेकर जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, संबंधित स्टोर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऑर्डर प्रोसेस किए जाते हैं, लेकिन सभी ऑर्डरों के लिए पर्याप्त पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जाते। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार उन्हें बिना बैग के ही सामान ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे ग्राहकों के बीच असहज स्थिति बनती है। विशेष रूप से निजी उपयोग की वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इंसेंटिव और कर्मचारी सुविधाओं की मांग

डिलीवरी पार्टनर्स ने मांग की कि गर्मी के मौसम और बढ़ते कार्यभार को देखते हुए इंसेंटिव में बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा सभी ऑर्डरों के लिए पर्याप्त पैकेजिंग सामग्री उपलब्ध कराने, स्टोर पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, ईपीएफ तथा ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग भी उठाई गई।

मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए डिलीवरी सेवाएं प्रभावित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *