Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

Ram Mandir Trust: 5585 उम्मीदवारों ने किया आवेदन, अब तीन नामों में से चुना जाएगा पहला CEO

अयोध्या:- अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर के बेहतर और व्यवस्थित प्रबंधन के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि परिसर में हुई बैठक के बाद CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देवगिरी महाराज को सौंप दी। अब सर्च कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में CEO पद के लिए अंतिम नाम पर फैसला होने की संभावना है।

तीन सदस्यीय कमेटी को सौंपी गई थी CEO की तलाश की जिम्मेदारी

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देवगिरी ने बताया कि राम मंदिर के संचालन और प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक योग्य एवं सक्षम CEO की तलाश की जा रही थी। इसके लिए ट्रस्ट ने तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया था। कमेटी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली और पूर्व आईएएस अधिकारी सुरेश हावड़े समेत अन्य सदस्य शामिल थे। कमेटी ने आवेदन प्रक्रिया से लेकर स्क्रीनिंग और इंटरव्यू तक कई चरणों में उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया।

CEO पद के लिए आए 5585 आवेदन

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO पद को लेकर उम्मीदवारों में काफी रुचि देखने को मिली। महंत गोविंद देवगिरी के अनुसार, इस पद के लिए कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदनों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद उम्मीदवारों को अलग-अलग चरणों में शॉर्टलिस्ट किया गया। प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद 16 अभ्यर्थियों का प्रत्यक्ष साक्षात्कार लिया गया। सर्च कमेटी ने इन उम्मीदवारों के मूल्यांकन के बाद तीन नामों की अंतिम संस्तुति तैयार की और अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी है। अब इन तीन नामों पर ट्रस्ट की बैठक में चर्चा होगी।

3577 आवेदकों ने भरा गूगल फॉर्म

सर्च कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली ने चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि कमेटी को 8 अगस्त को अपनी जिम्मेदारी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद 11 अगस्त को पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में CEO पद के लिए आवश्यक योग्यता और चयन के मानक तय किए गए। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई और 18 अगस्त तक 5585 आवेदन प्राप्त हुए। 19 अगस्त को कमेटी ने उम्मीदवारों की आगे की स्क्रीनिंग के लिए एक गूगल फॉर्म तैयार किया। इसमें कुल 3577 आवेदकों ने अपनी जानकारी और जवाब प्रस्तुत किए।

600 अंकों के गूगल फॉर्म में सिर्फ 108 उम्मीदवार हुए पास

जस्टिस प्रमोद कोहली के मुताबिक, उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग के लिए तैयार किए गए गूगल फॉर्म को 600 अंकों का रखा गया था। इसमें 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए योग्य माना गया। इस स्क्रीनिंग में केवल 108 उम्मीदवार निर्धारित मानक पर खरे उतर सके। इसके बाद चार दिनों तक वर्चुअल माध्यम से उम्मीदवारों के साथ बातचीत और मूल्यांकन का दौर चला। इस प्रक्रिया के बाद 17 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया गया, लेकिन इनमें से 16 ही साक्षात्कार के लिए पहुंचे।

तीन नामों की सिफारिश, अब ट्रस्ट करेगा अंतिम फैसला

सर्च कमेटी ने चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में उम्मीदवारों के प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर अंतिम तीन नामों का चयन किया है। जस्टिस प्रमोद कोहली ने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतते हुए तीन नामों की संस्तुति ट्रस्ट को सौंपी गई है। अब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इन तीन नामों में से एक उम्मीदवार को राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के रूप में चुनने का निर्णय करेगा।

2 सितंबर को हो सकता है अंतिम फैसला

सर्च कमेटी की रिपोर्ट अब ट्रस्ट के पास पहुंच चुकी है। ऐसे में 2 सितंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट बैठक में CEO पद को लेकर अंतिम निर्णय होने की संभावना है। CEO की नियुक्ति के बाद राम मंदिर से जुड़े प्रशासनिक, संचालन और प्रबंधन कार्यों को और अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *