Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

सुखबीर बादल पर दूसरी बार हमले की कोशिश, 2024 में भी चली थी गोली

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को हमला होने की खबर सामने आई है। घटना नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में हुई, जहां सुखबीर बादल अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा परिसर में एक व्यक्ति ने सुखबीर बादल पर तेजधार हथियार से हमला करने की कोशिश की। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि हमलावर ने कृपाण से वार किया, जिससे सुखबीर बादल के हाथ में चोट आई। हमले के दौरान सुखबीर बादल की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को काबू कर लिया।

हमलावर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और हमलावर की मंशा का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हमले का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमले से पहले और बाद की पूरी गतिविधि को समझा जा सके। जांच एजेंसियां प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही हैं। सुखबीर बादल पर हमला होने की खबर सामने आते ही शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और समर्थकों में चिंता बढ़ गई। घटना को देखते हुए गुरुद्वारा परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।

यह पहली बार नहीं है जब सुखबीर सिंह बादल को निशाना बनाने की कोशिश हुई हो। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब में भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय वह श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवा कर रहे थे। दिसंबर 2024 की घटना के दौरान सुखबीर बादल व्हीलचेयर पर बैठकर सेवा कर रहे थे। उनके पैर में फ्रैक्चर था और धार्मिक सजा के तहत वह गले में पट्टी डालकर, नीली पोशाक पहनकर और हाथ में भाला लेकर पहरेदार के रूप में सेवा निभा रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने हमलावर को समय रहते रोक दिया था और सुखबीर बादल इस हमले में बाल-बाल बच गए थे। अब नांदेड़ में हुए ताजा हमले के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फिलहाल हमले की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावर गुरुद्वारा परिसर तक किस तरह पहुंचा। फिलहाल सुखबीर सिंह बादल का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस की जांच के बाद ही हमले की वजह तथा घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारी पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *