Read Time:3 Minute, 15 Second
देहरादून:- पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित पीजी और हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं के आवासीय प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। संचालकों को सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
रात 10 बजे के बाद प्रवेश को लेकर निर्देश
पुलिस ने पीजी और हॉस्टल संचालकों को प्रतिष्ठान में रहने वाले छात्र-छात्राओं के प्रवेश की समयसीमा रात 10 बजे निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही परिसर में प्रवेश देने और आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई छात्र या छात्रा देर रात अनावश्यक रूप से घूमते हुए पाया जाता है, किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल मिलता है या हॉस्टल एवं पीजी में नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी शिकायत सामने आती है, तो संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
4 हॉस्टल संचालकों को नोटिस, 4 संदिग्ध हिरासत में
चेकिंग अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया। पुलिस ने उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे चार संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। दून पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को साफ संदेश दिया है कि बिना सत्यापन किसी भी छात्र को ठहराने और नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।