देहरादून/ऋषिकेश:- मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण पर कार्रवाई करते हुए संबंधित भवनों को सील किया। ऋषिकेश के मनीराम रोड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक भवन में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। जांच के बाद MDDA की टीम मौके पर पहुंची और नियमविरुद्ध निर्माण वाले भवन को सील कर दिया।
इसी तरह ऋषिकेश के निर्मल ब्लॉक क्षेत्र में भी स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण नहीं किए जाने पर कार्रवाई की गई। यहां पहले से निर्मित बेसमेंट और भूतल पर दुकानें संचालित हो रही थीं। इन दुकानों के ऊपर प्रथम तल पर स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण किया गया था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर उक्त निर्माण को नियमानुसार सील कर दिया।
डोईवाला में बिना नक्शा पास कराए निर्माण पर कार्रवाई
वहीं डोईवाला के दुधली रोड स्थित चांदमारी क्षेत्र में भी बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भूतल और प्रथम तल पर निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। प्राधिकरण की ओर से नियमानुसार वाद दायर किए जाने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित निर्माण को सील कर दिया। MDDA के अनुसार, प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने या स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन को लेकर MDDA सख्त रुख अपना रहा है।