Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज, नितिन नवीन की मौजूदगी में 2027 की रणनीति पर मंथन

हल्द्वानी में आज भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक आयोजित हो रही है। बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत सरकार के मंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों, सभी जिलों के अध्यक्ष और महामंत्री तथा मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर 2:20 बजे नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और रात 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। ये सभी बैठकें हल्द्वानी में ही प्रस्तावित हैं।

2027 की तैयारी पर BJP का फोकस

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति पर भाजपा का यह दो दिवसीय मंथन काफी अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाली बैठक को महज संगठनात्मक औपचारिकता के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इसे आगामी चुनाव के लिए मौजूदा मंत्रियों और विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनावी टिकट को लेकर सिर्फ सर्वे या पिछले चुनाव के प्रदर्शन को आधार नहीं बनाया जाएगा। संगठन की जमीनी रिपोर्ट भी अहम भूमिका निभाएगी। विधायकों की अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, बूथ समितियों की स्थिति, मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती और सरकार की योजनाओं का धरातल तक असर जैसे मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा।

जिलों से लिया जाएगा सीधा फीडबैक

बैठक में जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों और कोर कमेटी के स्तर से मिलने वाली रिपोर्ट पर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की वास्तविक स्थिति क्या है और मौजूदा जनप्रतिनिधियों को लेकर कार्यकर्ताओं व जनता के बीच कैसी धारणा है। अगर किसी क्षेत्र में सरकार के प्रति नाराजगी कम है, लेकिन स्थानीय विधायक के खिलाफ असंतोष सामने आता है, तो इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जा सकता है। इसके साथ ही बूथ प्रबंधन, कमजोर बूथों की पहचान, मंडल स्तर की गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल जैसे संगठनात्मक पहलुओं की भी समीक्षा होगी।

मजबूत रिपोर्ट वाले चेहरों पर फिर भरोसा?

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 2027 के संभावित टिकट दावेदारों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिन मौजूदा मंत्रियों और विधायकों की जमीनी रिपोर्ट मजबूत होगी, पार्टी आगामी चुनाव में उन पर दोबारा भरोसा जता सकती है। वहीं कमजोर फीडबैक वाले क्षेत्रों में नए चेहरों, सामाजिक समीकरणों और संगठन से जुड़े संभावित नामों पर मंथन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि भाजपा की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर टिकट में बदलाव को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद हल्द्वानी में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में होने वाली यह बैठक 2027 के चुनावी रोडमैप के लिहाज से अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि पार्टी आगामी चुनाव की तैयारियों में जमीनी संगठन, कार्यकर्ताओं के फीडबैक और जनप्रतिनिधियों के रिपोर्ट कार्ड को खास महत्व देने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *