Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

Champawat Road Accident: खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही कार खाई में गिरी

चंपावत:-  उत्तराखंड के चंपावत जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनलेख क्षेत्र में खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

पुलिस-SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही चंपावत कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और SDRF जवानों ने खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी चार लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया।

अस्पताल में एक व्यक्ति ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक अन्य घायल की स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में पुलिस और SDRF का सहयोग किया।

पहाड़ी रास्तों पर सावधानी बरतने की अपील

चंपावत पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाने वाले लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहन चालक मोड़ों और ढलानों पर गति नियंत्रित रखें। खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है। आपात स्थिति में लोगों से डायल 112 पर संपर्क कर तत्काल पुलिस सहायता लेने को कहा गया है।

डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

हादसे की गंभीरता को देखते हुए चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *