Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

CM धामी के अभियान से जुड़े 2.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थी, 24 अगस्त तक दे सकेंगे सुझाव

देहरादून:-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक राज्य के 2.5 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पोर्टल के माध्यम से अपने निबंध और सुझाव भेज चुके हैं। विद्यार्थियों ने अपने विचारों के जरिए आने वाले वर्षों के उत्तराखण्ड को लेकर अपनी कल्पना, प्राथमिकताएं और विकास का विजन साझा किया है।

तीन लाख विद्यार्थियों से सीएम धामी ने किया था संवाद

मुख्यमंत्री धामी ने 10 अगस्त को प्रदेश के कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की थी कि वे अपने सपनों के उत्तराखण्ड की तस्वीर सामने रखें और बताएं कि भविष्य में वे राज्य को किस रूप में देखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के इस आह्वान के बाद सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से लगातार विद्यार्थियों की प्रविष्टियां पोर्टल पर पहुंच रही हैं।

पर्यटन से तकनीक तक आठ विषयों पर सुझाव

अभियान में विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए हैं। सरकार के अनुसार, इन प्रविष्टियों को केवल निबंध के तौर पर नहीं देखा जा रहा है, बल्कि इनमें उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और राज्य के भविष्य को लेकर उनकी सोच दिखाई दे रही है।

उपयोगी सुझावों को नीतियों में शामिल करने की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि विद्यार्थियों से प्राप्त अच्छे और व्यावहारिक सुझावों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा। उपयोगी विचारों को राज्य की नीतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाना है। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री भी इन विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके विजन और अनुभवों को सुनेंगे।

श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर में भी मिलेगा सहयोग

अभियान में चयनित विद्यार्थियों के लिए केवल संवाद का अवसर ही नहीं, बल्कि करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग तथा अन्य पुरस्कारों की भी व्यवस्था की गई है। वहीं, पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले सभी विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। इससे अभियान में भाग लेने वाले छात्रों को उनकी भागीदारी का प्रमाण भी मिल रहा है।

24 अगस्त तक जमा कर सकेंगे निबंध

अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल के मुताबिक, ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ नई पीढ़ी को राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से सीधे जोड़ने की अभिनव पहल है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगातार प्रविष्टियां प्राप्त हो रही हैं। अभियान के तहत निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।

युवाओं को विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें ‘विकसित उत्तराखण्ड’ की संकल्पना और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विद्यार्थी सिर्फ राज्य का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार वर्तमान उत्तराखण्ड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी की सोच को समझने का प्रयास किया जा रहा है और युवाओं के अच्छे व व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *