Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

CM योगी ने गोरखपुर में 70 करोड़ की सड़क परियोजना का किया लोकार्पण, इन शहरों की राह होगी आसान

गोरखपुर:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सड़क परियोजना की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की लगातार बढ़ती रफ्तार से गोरखपुर की तस्वीर तेजी से बदल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है और बड़े पैमाने पर फ्लाईओवर तथा ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इन विकास परियोजनाओं से लोगों की आवाजाही आसान हुई है और गोरखपुर की एक नई पहचान बन रही है।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ सड़क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग के ग्रीन सिटी मोड़ के पास नवनिर्मित सड़क के प्रारंभिक स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर परियोजना का लोकार्पण किया। उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का भी अनावरण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री इसी मार्ग से सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। सड़क परियोजना पूरी होने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। करीब 1.8 किलोमीटर लंबी यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर) से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। परियोजना पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

CM योगी बोले- विकास ही सरकार का संकल्प

नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के पास आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से आबादी रह रही है और यहां कई स्कूल भी संचालित हैं। सड़क पर्याप्त चौड़ी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। भारी वाहनों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का काम पूरा होने से क्षेत्र की कई पुरानी समस्याओं का समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही सरकार का संकल्प है और इसी सोच के साथ शहर में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

वाराणसी, लखनऊ और नेपाल जाने वालों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा मार्ग की कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे शहर के भीतर प्रवेश किए बिना कई प्रमुख स्थानों की ओर जाना आसान होगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क से वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। राजघाट से हाबर्ट बंधा होते हुए माधोपुर तटबंध को फोरलेन किया जा रहा है। इसके अलावा डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस नेटवर्क के तैयार होने के बाद लोग डोमिनगढ़ के रास्ते फोरलेन बाईपास पकड़कर कालेसर से लखनऊ मार्ग तक पहुंच सकेंगे। वहीं नेपाल और सोनौली की ओर जाने वाले लोगों को महेसरा होकर जाने का वैकल्पिक और सुगम मार्ग मिलेगा।

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

सड़क लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी नागरिकों के सुख और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *