Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

Dehradun Firing: स्विफ्ट कार सवार बदमाशों का आतंक, दो जगह चली गोलियां

देहरादून: शांत शहर माने जाने वाले दून में एक बार फिर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस बार मामला पटेल नगर क्षेत्र का है, जहां हरियाणा नंबर की एक स्विफ्ट कार में सवार बदमाशों ने युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पहली बार युवकों पर चलाई गई गोलियों में वे बाल-बाल बच गए, लेकिन आरोपियों का पीछा करने पर कुछ दूरी पर दोबारा हुई फायरिंग में साहिल नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया।  घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

आईटीएस कॉलेज रोड पर युवकों पर फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवक आईटीएस कॉलेज रोड पर खड़े थे। इसी दौरान हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार वहां पहुंची। आरोप है कि कार में सवार लोगों ने अचानक युवकों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।  अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पहली बार हुई फायरिंग में कोई युवक घायल नहीं हुआ और सभी बाल-बाल बच गए।

कार का पीछा करने पर फिर चली गोलियां

फायरिंग के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार होने लगे। बताया जा रहा है कि दूसरे गुट के कुछ युवकों ने लाठी-डंडों के साथ कार का पीछा किया। इस दौरान शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट जूड्स चौक के पास कार सवार आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी।  दूसरी बार हुई गोलीबारी में साहिल नाम के युवक को गोली लग गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुरानी रंजिश को लेकर जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आदित्य, सुजल और अंशुल के साथ आरोपियों का पुराना विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस फिलहाल इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है और पुरानी रंजिश को फायरिंग की संभावित वजह माना जा रहा है।  पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना में मुख्य आरोपी के तौर पर गुरमीत का नाम सामने आया है। वारदात के समय उसके साथ अन्य साथी भी मौजूद थे।

एक आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी संबंधित थानों को अलर्ट कर दिया और सीमाओं पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में कुछ ही घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की जा सके। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *