हल्द्वानी:- उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद एक 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी की शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की युवक से मुलाकात वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद दोस्ती हो गई। किशोरी का आरोप है कि इसके बाद युवक कई बार हल्द्वानी और नैनीताल आया और उसे अलग-अलग होटलों में ले गया। आरोप है कि इस दौरान शादी का वादा करके उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
जुलाई 2025 में आरोपी ने बातचीत की बंद
किशोरी ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2025 में युवक ने अचानक उससे संपर्क करना बंद कर दिया। काफी समय तक बातचीत नहीं होने के बाद किशोरी आरोपी के मेरठ स्थित घर पहुंच गई। वहां उसके परिवार की ओर से उसे बालिग होने के बाद शादी कराने का भरोसा दिया गया, जिसके बाद वह वापस लौट आई। आरोप है कि बाद में युवक और उसके परिवार ने शादी के वादे से पीछे हटते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद किशोरी ने हल्द्वानी पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
2 सितंबर को दर्ज हुआ मुकदमा
किशोरी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 2 सितंबर को आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब मामले की जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी के अनुसार, आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।