Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

Himachal Pradesh News: पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डर, टाटा सूमो में सवार 13 लोगों की मौत

चंबा/लाहौल-स्पीति:-  हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों की सीमा से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पांगी-उदयपुर मार्ग पर कड़ू नाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने से एक टाटा सूमो वाहन इसकी चपेट में आ गया। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके की ओर रवाना किए गए।

वाहन पर अचानक गिरे भारी पत्थर

जानकारी के अनुसार, हादसा लाहौल-स्पीति जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में कड़ू नाला के पास हुआ। पांगी-उदयपुर मार्ग से गुजर रही टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर आ गिरे। पत्थरों की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक बीर सिंह समेत कुल 13 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सभी मृतक पांगी घाटी के रहने वाले

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग चंबा जिले की पांगी घाटी से संबंधित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना के बाद चंबा और लाहौल-स्पीति प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। दुर्गम क्षेत्र होने से रेस्क्यू में चुनौती घटनास्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में स्थित है। प्रशासन के अनुसार, हादसे वाले इलाके में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण घटनास्थल से तत्काल जानकारी जुटाने में कठिनाई सामने आई। लाहौल-स्पीति पुलिस के साथ-साथ चंबा जिला प्रशासन की टीमें भी मौके के लिए रवाना की गईं। सीमा सड़क संगठन (BRO) और स्थानीय पुलिस की टीमें भी राहत कार्य में जुटी हैं।

पुलिस और बचाव दल मौके के लिए रवाना

लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला के अनुसार, हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। पुलिस टीम घटना की जानकारी जुटाने और राहत कार्य में लगी है। चंबा प्रशासन की ओर से भी पुलिस और बचाव दलों को घटनास्थल के लिए भेजा गया है।

विधायक ने जताया दुख

भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनकराज ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से हादसे की जानकारी साझा करते हुए प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवा ने बताया कि कड़ू नाला के पास वाहन पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली है। घटनास्थल लाहौल-स्पीति जिले की सीमा में आता है और दुर्गम होने के कारण राहत कार्य में चुनौती है। फिलहाल पुलिस, प्रशासन, BRO और बचाव दलों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे के कारणों और मृतकों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *