Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

UP Rain Alert: 3-4 दिन और बरसेंगे बादल, 10 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

लखनऊ/कानपुर:-  उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से प्रदेश की ओर पहुंच रही नम हवाओं के कारण मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके चलते कई जिलों में भारी, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 19.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का अनुमान करीब 7.1 मिलीमीटर रहता है। यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से लगभग 68 फीसदी अधिक रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने करीब 10 जिलों के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है।

इन 10 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, भदोही, चित्रकूट और कौशांबी के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में लोगों को नदी-नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में आकाशीय बिजली का अलर्ट

भारी बारिश के साथ प्रदेश के बड़ी संख्या में जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मेरठ रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला

मंगलवार को मेरठ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। वहीं हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य तापमान से करीब 5 डिग्री कम रहा।

कानपुर में बारिश ने बढ़ाई मुश्किल, 6 मकान ढहे

कानपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बिल्हौर तहसील के नानामऊ क्षेत्र स्थित लोधनपुरवा गांव में बारिश के चलते 6 मकान गिर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। मकानों के ढहने से प्रभावित परिवारों की गृहस्थी का काफी सामान मलबे में दब गया। बारिश जारी रहने के कारण ग्रामीण इलाकों में प्रशासन की ओर से भी हालात पर नजर रखी जा रही है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को जर्जर मकानों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सावधान रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *