Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

Uttarakhand Rain Alert: देहरादून समेत कई जिलों में बारिश, पहाड़ों में भूस्खलन का बढ़ा खतरा

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।

6 अगस्त को उत्तराखंड के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 अगस्त को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

देहरादून में जलभराव, नदियों का बढ़ा जलस्तर

लगातार बारिश के कारण देहरादून शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार देर रात से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा। इसके बाद भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के चलते रिस्पना, बिंदाल, सोंग और सुसवा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। निचले इलाकों में कई जगह बाढ़ जैसे हालात दिखाई दिए। जलभराव के कारण सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि पर्वतीय मार्गों पर मलबा आने से लोगों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

चकराता, मसूरी और धनोल्टी में 150 मिमी से ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का असर काफी ज्यादा रहा। चकराता, मसूरी और धनोल्टी में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, देहरादून शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। कई स्थानों पर सड़क पर मलबा आने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।

अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *