UTTARANCHAL RATNA
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जी ने विरोधियों के रवैये को देश के सामने स्पष्ट करते हुए महिला आरक्षण के मुद्दे पर उनकी वास्तविकता उजागर की है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन का पारित न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और यह देश की महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा अवरोध है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सदन में इस महत्वपूर्ण विधेयक के गिरने के बाद विरोधियों द्वारा जश्न मनाया जाना उनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि इस प्रकार का आचरण देश की मातृशक्ति का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि देश की महिलाएं इस अन्याय का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगी और आने वाले समय में नारी शक्ति और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्य कर रही है और इस दिशा में हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।