Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

उत्तराखंड दौरे पर साइना नेहवाल, धार्मिक स्थलों में टेका माथा

देहरादून/हरिद्वार: भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी Saina Nehwal इन दिनों उत्तराखंड दौरे पर हैं। गुरुवार को साइना ने अपने परिवार के साथ हरिद्वार पहुंचकर धार्मिक स्थलों के दर्शन किए और मां गंगा का आशीर्वाद लिया। उनकी अचानक हरकी पौड़ी पहुंचने की खबर मिलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

साइना नेहवाल अपने पिता डॉ. हरवीर सिंह नेहवाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हरिद्वार पहुंचीं। यहां उन्होंने पहले प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर में दर्शन किए। रोपवे के जरिए मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी साइना के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

इसके बाद साइना नेहवाल हरकी पौड़ी पहुंचीं, जहां उन्होंने गंगा आरती में हिस्सा लिया। गंगा आरती के दौरान पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। श्री गंगा सभा के पदाधिकारियों और तीर्थ पुरोहितों ने साइना का स्वागत करते हुए उन्हें मां गंगा की चुनरी और गंगाजल भेंट किया।

बताया जा रहा है कि साइना नेहवाल पिछले छह दिनों से उत्तराखंड के अलग-अलग पर्यटन और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रही हैं। इससे पहले उन्होंने टिहरी गढ़वाल स्थित सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद वह मसूरी भी घूमने पहुंचीं। अब हरिद्वार में गंगा आरती और मां चंडी देवी के दर्शन के बाद उनका उत्तराखंड दौरा चर्चाओं में बना हुआ है।

साइना नेहवाल के उत्तराखंड दौरे को लेकर खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि देश की बड़ी खिलाड़ी का देवभूमि पहुंचना राज्य के पर्यटन और धार्मिक महत्व को भी बढ़ावा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *