Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

देहरादून में होमस्टे संचालकों पर शिकंजा, कई जगह मिली भारी अनियमितताएं

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नियमों के खिलाफ संचालित हो रहे होमस्टे पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम Savin Bansal के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होमस्टे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन की मजिस्ट्रेट टीमों ने देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 136 होमस्टे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी संख्या में होमस्टे उत्तराखंड गृह आवास नियमावली के मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। प्रशासन ने “ऑपरेशन सफाई” अभियान के तहत पहले चरण में 17 और दूसरे चरण में 79 होमस्टे पर कार्रवाई करते हुए उनके रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिए।

डीएम के निर्देश पर सहसपुर और रायपुर क्षेत्रों में पंजीकृत होमस्टे की जांच के लिए विशेष समितियां बनाई गई थीं। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई होमस्टे में रसोई की उचित व्यवस्था नहीं मिली, जबकि कई जगह अग्निशमन उपकरण या तो मौजूद नहीं थे या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि कुछ होमस्टे का उपयोग बारात घर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। कई स्थानों पर होमस्टे संचालक स्वयं निवास नहीं कर रहे थे और इन्हें लीज या किराए पर चलाया जा रहा था। इसके अलावा कई होमस्टे निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन कर रहे थे।

कुछ होमस्टे में रातभर बार संचालन और तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतें भी मिलीं। वहीं विदेशी नागरिकों के ठहरने से जुड़े जरूरी सी-फॉर्म दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रशासन को जांच के दौरान ऐसे होमस्टे भी मिले जो रजिस्टर्ड होने के बावजूद संचालित नहीं हो रहे थे। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि आम जनता की सुरक्षा और पर्यटन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले होमस्टे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *