
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। पर्वतीय जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से घने बादल छाए रहे। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। पर्वतीय जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि का असर भी देखने को मिला। देहरादून समेत आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। दोपहर के समय कई क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ीं, हालांकि शाम होते-होते मौसम साफ हो गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अगले 24 घंटे तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। इसके अलावा 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर सकता है।