Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

उत्तराखंड में मौसम का कहर, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 10 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए हाई अलर्ट घोषित किया है। अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं। कई जिलों में मूसलाधार बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और चम्पावत जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है, जिससे जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य अधिकांश जिलों में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को पूरी तैयारी के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। देहरादून में भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की भी संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इस निर्णय का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रदेशभर में राहत और बचाव दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है। सड़क मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने, पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *