Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

काशीपुर के युवक को वर्क परमिट की जगह टूरिस्ट वीजा पर भेजा

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और अवैध ह्यूमन ट्रैफिकिंग का गंभीर मामला सामने आया है। काशीपुर निवासी एक परिवार ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के दो भाइयों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने और युवक को गलत वीजा पर दुबई भेजने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार काशीपुर के मोहल्ला अल्ली खां निवासी मंसूर आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि टांडा बादली, रामपुर निवासी जाबिर और उसका भाई नादिर लंबे समय से विदेश में नौकरी लगवाने का काम करने का दावा करते थे। दोनों ने मंसूर के भाई मुशीर आलम को दुबई में अच्छी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने कहा कि दुबई में रहने वाला नादिर वहां वर्क परमिट पर नौकरी की पूरी व्यवस्था कर देगा।

परिवार ने आरोपियों की बातों पर भरोसा कर यूपीआई के माध्यम से करीब दो लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 19 जुलाई 2025 को मुशीर आलम को दुबई भेज दिया गया। लेकिन दुबई पहुंचने के बाद युवक को पता चला कि उसे वर्क परमिट की बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। यह जानकारी मिलते ही वह परेशान हो गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब मुशीर ने इसका विरोध किया तो आरोपी नादिर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। वहीं भारत में मौजूद परिवार ने जब आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने कथित तौर पर धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कहा कि यदि मुशीर को वापस भारत बुलाना है तो इसके लिए अतिरिक्त 50 हजार रुपये और देने होंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने दुबई स्थित भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से मदद मांगी। विदेश मंत्रालय की सलाह पर स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया। काफी कोशिशों के बाद परिवार ने अपने खर्च पर टिकट की व्यवस्था कर मुशीर को भारत वापस बुलाया।

परिवार का कहना है कि टूरिस्ट वीजा पर भेजे जाने और तय समय पर वापसी नहीं हो पाने के कारण मुशीर का पासपोर्ट भी ब्लैकलिस्ट हो गया है। इससे भविष्य में उसकी विदेश यात्रा और रोजगार की संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी जाबिर और नादिर के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 10 और 24 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *