Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

चमोली में एक और टनल में पानी का रिसाव, तपोवन विष्णुगाड परियोजना में मचा हड़कंप

चमोली: पीपलकोटी THDC टनल हादसे के कुछ ही दिन बाद अब चमोली की तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में पानी के रिसाव का मामला सामने आया है। टनल के अंदर खोखली जगह और पानी रिसने की जानकारी मिलने के बाद कंपनी ने एहतियात के तौर पर वहां काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकाल लिया है। फिलहाल टनल में ट्रीटमेंट का काम कराया जा रहा है।

तपोवन टनल में पानी के रिसाव से मचा हड़कंप

तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की टनल में पानी के रिसाव और खोखली जगह बनने की बात सामने आई है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टनल के भीतर पानी रिसता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से इसे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है। कंपनी का कहना है कि स्थिति को लेकर किसी तरह का संभावित खतरा नहीं है और रिसाव वाले हिस्से का ट्रीटमेंट कराया जा रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रमिकों को फिलहाल टनल से बाहर कर दिया गया है।

THDC टनल हादसे के बाद बढ़ी चिंता

तपोवन टनल में पानी रिसाव की जानकारी ऐसे समय सामने आई है, जब चमोली के ही पीपलकोटी में निर्माणाधीन THDC टनल में पानी भरने से बड़ा हादसा हो चुका है। बीते 13 अगस्त को पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टनल में पानी भर गया था। हादसे में अब तक 8 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो श्रमिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इसी बीच तपोवन विष्णुगाड परियोजना की टनल में पानी के रिसाव और खोखली जगह से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

कंपनी ने कहा- टनल का कराया जा रहा ट्रीटमेंट

कंपनी के अनुसार, टनल में सामने आए पानी के रिसाव को नियंत्रित करने और प्रभावित हिस्से का उपचार करने का काम किया जा रहा है। श्रमिकों को एहतियातन वहां से हटा लिया गया है, ताकि ट्रीटमेंट का काम सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। फिलहाल कंपनी ने स्थिति को सामान्य बताते हुए किसी संभावित खतरे से इनकार किया है। हालांकि, हालिया THDC टनल हादसे को देखते हुए तपोवन परियोजना में सामने आए रिसाव के मामले ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *