Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

जमीन घोटालों पर अनिल विज ने पुलिस को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों पर कड़ा रुख अपनाया। शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों को तत्काल मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बीडी फ्लोर मिल क्षेत्र की एक महिला ने मंत्री को शिकायत दी कि उसने कुछ समय पहले एक प्रॉपर्टी डीलर से प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। महिला का आरोप है कि उसने डीलर को करीब ढाई लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दी, लेकिन न तो उसे प्लॉट मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। मामले को गंभीर मानते हुए अनिल विज ने डीएसपी कैंट को तुरंत एफआईआर दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच करने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक अन्य शिकायतकर्ता ने मंत्री को बताया कि बंगाली मोहल्ला क्षेत्र में स्थित एक संपत्ति का मामला अदालत में विचाराधीन है और उस पर न्यायालय की ओर से स्टे आदेश भी लागू है। इसके बावजूद आरोप है कि संबंधित संपत्ति को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। इस शिकायत पर भी अनिल विज ने डीएसपी कैंट को मामले की विस्तृत जांच करने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनिल विज ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *