Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

पंजाब कांग्रेस में फिर उभरे मतभेद, बैठक में गूंजे चन्नी के समर्थन के नारे

पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रहे अंदरूनी मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आ गए। शनिवार को पटियाला में आयोजित पार्टी की बैठक के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपने संबोधन के लिए मंच पर पहुंचे और कुछ कार्यकर्ताओं ने अचानक पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक नारेबाजी जारी रही। बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत भूपेश बघेल ने पार्टी का झंडा फहराकर की। हालांकि मंच और पंडाल में राजा वड़िंग समर्थक नेताओं की मौजूदगी अधिक दिखाई दी, जबकि चन्नी गुट का कोई प्रमुख नेता कार्यक्रम में नजर नहीं आया। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारों ने बैठक को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया। इसी दिन कांग्रेस ने फतेहगढ़ साहिब से प्रदेशव्यापी ‘हर बूथ मजबूत अभियान’ की भी शुरुआत की। पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देना है। हालांकि अभियान के शुभारंभ में चन्नी गुट के प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति ने कांग्रेस की अंदरूनी एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के कुछ नेताओं की सार्वजनिक दूरी और चुप्पी नेतृत्व पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा हो सकती है। यदि चुनाव से पहले सभी गुटों के बीच समन्वय स्थापित नहीं हुआ, तो इसका असर संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति दोनों पर पड़ सकता है। वहीं, कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने इन अटकलों को खारिज करते हुए दावा किया कि पंजाब कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के सभी आंतरिक मुद्दों का समाधान कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटा हुआ है और कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरे को लेकर उठ रहे सवालों पर भी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि पार्टी हाईकमान पहले ही अपना रुख साफ कर चुका है। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे और पार्टी का पूरा नेतृत्व संगठन को मजबूत करने की दिशा में मिलकर काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *