Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

देहरादून में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर फोकस

देहरादून:- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 17 जुलाई को आयोजित होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम के लिए बन्नू ग्राउंड को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्र-छात्राओं और युवाओं से खुले मंच पर सीधा संवाद करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के अनुसार कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। उन्होंने कहा कि राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। उनके मुताबिक राहुल गांधी के विचारों को सुनने के लिए विशेष रूप से युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी अपने संबोधन के दौरान छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करेंगे। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास कर रही है और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का संकल्प रखती है। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन विषयों को गंभीरता से उठाते हुए युवाओं के साथ संवाद स्थापित कर रही है और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इसी पहल का हिस्सा है।

राजीव महर्षि ने दावा किया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और पार्टी कार्यकर्ता देहरादून पहुंचेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा का मंच बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *