
देहरादून के कैंट क्षेत्र में पुलिस ने कथित तौर पर संचालित हो रहे देह व्यापार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल को गुप्त सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र के किशन नगर एक्सटेंशन इलाके में कुछ लोग अनैतिक गतिविधियां चला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सीओ सिटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद कैंट पुलिस और एएचटीयू की टीम ने संयुक्त रूप से संदिग्ध स्थान पर औचक छापेमारी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो स्कूल परिसर के पीछे बने हिस्से में कुछ लोग आपत्तिजनक स्थिति में मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं और कुछ पुरुषों को हिरासत में लिया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। इसके अलावा एक स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कथित मुख्य संचालक भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों में से एक पहले भी अनैतिक देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का आरोप है कि महिलाओं को नौकरी और अच्छी कमाई का झांसा देकर इस अवैध धंधे में धकेला जाता था।
रेस्क्यू की गई महिलाओं को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है, क्योंकि कथित तौर पर यह गतिविधि स्कूल परिसर के पीछे संचालित की जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।