Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

भाजपा विधायक ने कहा- आत्मघाती राजनीति ठीक नहीं

देहरादून में नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन के समाप्त होने पर भाजपा ने स्वागत जताया है। धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि सरकार और आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक रही, जिसके बाद आंदोलन खत्म करना एक अच्छा कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही युवाओं के हित में उचित समाधान निकालेंगे।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए विनोद चमोली ने कहा कि राज्य सरकार नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याओं को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने प्रदर्शनकारी युवाओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस दौरान विनोद चमोली ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आंदोलन के दौरान खुद पर पेट्रोल डालकर बेरोजगार युवाओं को आत्मदाह जैसी खतरनाक दिशा में उकसाने का प्रयास किया, जो बेहद गैरजिम्मेदाराना कदम है।

चमोली ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या नेता को युवाओं को आत्मघाती कदम उठाने के लिए प्रेरित नहीं करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इस तरह के कदमों से समाज को यह संदेश देना सही है कि अपनी मांग मनवाने के लिए आत्मदाह का रास्ता अपनाया जाए।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व से अपील की कि आंदोलन को अराजकता की ओर ले जाने के बजाय शांतिपूर्ण समाधान पर ध्यान दिया जाए। चमोली ने कहा कि इस तरह की राजनीति प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और भविष्य में गलत परंपराओं को जन्म दे सकती है।

भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि सरकार युवाओं के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए निकाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *