Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

भारी बारिश के बीच सड़क धंसी, मसूरी-देहरादून हाईवे पर यातायात ठप

मसूरी:- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार तड़के करीब पांच बजे पानी वाले बैंड के पास अचानक भारी भूस्खलन हुआ। इस दौरान सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया, जिसके चलते मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गलोगीधार के बाद फिर हुआ बड़ा लैंडस्लाइड

मसूरी-देहरादून मार्ग पर यह लगातार दूसरा बड़ा व्यवधान है। सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भारी भूस्खलन के कारण सड़क पर मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर आ गए थे। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे तक अभियान चलाकर रात लगभग दो बजे मलबा और बोल्डर हटाए थे। इसके बाद मार्ग को यातायात के लिए खोला गया था। हालांकि, कुछ ही घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास सड़क का हिस्सा बह जाने से एक बार फिर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार

सड़क का हिस्सा बह जाने के कारण फिलहाल वहां वाहनों के गुजरने की पर्याप्त जगह नहीं बची है। ऐसे में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश और सड़क के क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है।

सड़क खोलने में जुटी लोनिवि की टीम

मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर काम कर रही है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की कोशिश की जा रही है। जेसीबी समेत अन्य मशीनों की सहायता से मलबा हटाने और सड़क को सुरक्षित तरीके से खोलने का काम जारी है। हालांकि, लगातार हो रहे भूस्खलन और बारिश के कारण राहत एवं निर्माण कार्य में काफी चुनौतियां आ रही हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों को मौसम और सड़क की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मसूरी का देहरादून से मुख्य सड़क संपर्क प्रभावित

मसूरी-देहरादून मार्ग दोनों शहरों को जोड़ने वाला प्रमुख सड़क मार्ग है। पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद मसूरी का देहरादून से सीधा यातायात संपर्क प्रभावित हो गया है। इससे मसूरी घूमने पहुंचे पर्यटकों और वापस लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

मसूरी-किमाड़ी रोड बना वैकल्पिक रास्ता

मुख्य मार्ग बंद होने के बाद लोग वैकल्पिक तौर पर मसूरी-किमाड़ी रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, यह सड़क कई जगह काफी संकरी है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से इस मार्ग पर बेहद सावधानी के साथ यात्रा करने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता मार्ग को सुरक्षित तरीके से जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *