Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस का बड़ा दावा, गणेश गोदियाल बोले- अनुमति रद्द नहीं हुई

देहरादून: कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम का आवंटन रद्द नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ खबरें भ्रामक हैं। गणेश गोदियाल ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर निगम में निर्धारित शुल्क जमा कराया जा चुका है। उनके अनुसार 15, 16 और 17 जुलाई के लिए परेड ग्राउंड के उपयोग की प्रक्रिया नियमानुसार चल रही है और आयोजन की तैयारियां जारी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से फिलहाल केवल कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित औपचारिक रिपोर्ट मांगी गई है। यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। रिपोर्ट प्राप्त होने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगे की अनुमति संबंधी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है और बातचीत के दौरान कार्यक्रम रद्द किए जाने या स्थल बदलने जैसी कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित कार्यक्रम पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार आयोजित करने की तैयारी जारी है।

गोदियाल ने मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों का भी उल्लेख किया, जिनमें कार्यक्रम के लिए अनुमति न मिलने का दावा किया गया था। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं से बचें। गौरतलब है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित देहरादून दौरे के दौरान छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इस बीच कार्यक्रम की अनुमति को लेकर अलग-अलग दावे सामने आने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *