Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

लोगों से दोपहर में घरों से बाहर न निकलने की अपील

उत्तराखंड में भीषण गर्मी और नौतपा का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने 27 मई को राज्य के कई जिलों के लिए हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों में लोगों को तेज गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों के साथ-साथ कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रुड़की में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान मुक्तेश्वर में 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

IMD के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिला नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने, अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ORS, बर्फ और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पीने के पानी और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।

श्रमिकों और बाहर काम करने वाले लोगों को सुबह और शाम के समय ही काम करने की सलाह दी गई है। बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और जरूरत वाले इलाकों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

☀️ हीटवेव से बचाव के लिए जरूरी सलाह

  • दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें
  • खूब पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
  • खाली पेट घर से बाहर न निकलें
  • तला-भुना खाना और अधिक चाय-कॉफी से परहेज करें
  • तरबूज, खीरा, खरबूजा जैसे रसीले फल खाएं
  • अपने आसपास जानवरों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *