Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

हरियाणा के इंफ्लूएंसर हर्ष छिकारा के बयान पर उत्तराखंड में विरोध, इंटरनेट पर ट्रोलिंग तेज

धर्मनगरी ऋषिकेश में हरियाणा से आए पर्यटकों के साथ हुई मारपीट का मामला अब सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद बन गया है। सड़क के बीचों-बीच कुछ युवकों की बेरहमी से पिटाई और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की घटना ने पहले ही लोगों का ध्यान खींचा था। अब इस मामले में हरियाणा के मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हर्ष छिकारा की एंट्री के बाद विवाद और गहरा गया है। दरअसल, इंटरनेट पर हर्ष छिकारा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह उत्तराखंड और खासकर हरिद्वार-ऋषिकेश को लेकर तीखी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कहा कि “हरिद्वार और ऋषिकेश को हरियाणा के लोग चलाते हैं। यहां का चूल्हा हरियाणा के टूरिस्टों से चलता है। अगर एक साल तक हरियाणा के लोग हरिद्वार और ऋषिकेश आना बंद कर दें तो यहां के लोग भूखे मर जाएंगे।”

हर्ष छिकारा ने आगे कहा कि हरियाणा के लोग भले ही ऊंची आवाज में बात करते हों, गाड़ियों पर बैठकर फोटो खिंचवाते हों या अलग तरह का व्यवहार करते हों, लेकिन वे किसी छोटी बच्ची के साथ छेड़छाड़ जैसी हरकत नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि जिस मामले को लेकर युवकों की पिटाई की गई, उसमें बाद में बच्ची की मां ने खुद कहा कि छेड़छाड़ जैसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। यूट्यूबर ने अपने वीडियो में कहा कि पुलिस प्रशासन ने भी अपने शुरुआती बयान में यही बात कही थी कि लड़की से छेड़छाड़ का मामला स्पष्ट नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल गलतफहमी और भीड़ के उकसावे में हरियाणा के युवकों को बुरी तरह पीटा गया।

बता दें कि यह पूरा मामला ऋषिकेश के काले की ढाल इलाके का है। यहां एक महिला के साथ हुए विवाद और गलतफहमी के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने हरियाणा से आए कुछ युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवकों के साथ मारपीट और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ दिखाई दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक थापा और नरेश कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

वहीं हर्ष छिकारा के बयान के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। उत्तराखंड के कई लोग उनके बयान को राज्य और स्थानीय लोगों का अपमान बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है और कई लोग उनके बयान की आलोचना कर रहे हैं। हर्ष छिकारा हरियाणा के चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। साल 2024 में उन्होंने हरियाणा के गोहाना विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव भी लड़ा था, जिसमें उन्हें 14 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। हालांकि वह चुनाव जीत नहीं पाए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 1.3 करोड़ रुपये बताई जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *