Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

स्कूल जा रहे बच्चों के साथ बड़ा हादसा, ट्रेन की टक्कर से मची अफरा-तफरी

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल):-  पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब विद्यार्थियों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी और उसी दौरान एक यात्री ट्रेन उसकी चपेट में आ गई। यह दुर्घटना कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह करीब 7 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुआ हादसा?

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ समय पहले एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था। इसी दौरान स्कूल वैन रेलवे ट्रैक पार करने लगी। आरोप है कि विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन के लिए फाटक समय पर बंद नहीं किया गया, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। रेलवे और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

वैन में आठ लोग थे सवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन में चालक सहित आठ लोग सवार थे। हादसे के समय रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहा एक साइकिल सवार भी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को वैन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं।

गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

घायलों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया। जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

रेलवे गेटमैन की भूमिका पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक के संचालन को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि दूसरी ट्रेन के आने से पहले रेलवे फाटक समय पर बंद किया जाता, तो दुर्घटना टाली जा सकती थी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी प्रकार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *