Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

हरियाणा के 23 जिलों में सीएम के नाम सौंपे जाएंगे ज्ञापन

हरियाणा के गांव चानौत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के समर्थन में अब प्रदेशभर के किसान संगठन, खाप पंचायतें और विभिन्न सामाजिक संगठन भी खुलकर सामने आ गए हैं। शुक्रवार को हरियाणा के सभी 23 जिलों में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। हांसी में किसान नेता दशरथ मलिक के नेतृत्व में प्रशासन को ज्ञापन दिया जाएगा, जबकि अन्य जिलों में किसान संगठनों, खाप प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सदस्य एकजुट होकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाएंगे। आंदोलनकारियों का कहना है कि अमृत-2 योजना के तहत शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से गांव चानौत को भी टी-कनेक्शन दिया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिल सके। इसी मांग को लेकर गांव में धरना लगातार 48वें दिन भी जारी रहा। बारिश के बावजूद ग्रामीणों का उत्साह कम नहीं हुआ और आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिलता दिखाई दिया। इस बीच राष्ट्रीय बूरा सिरोही खाप के पूर्व प्रधान कुलदीप ने भी बैठक कर आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिली है।

धरना समिति के सदस्य अनूप सिंह चानौत ने बताया कि ज्ञापन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में अलग-अलग संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि गांव के लोगों के मूल अधिकार और पेयजल सुविधा के लिए चलाया जा रहा है। वहीं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर समाधान निकालने की पहल की है। धरना समिति ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार टी-कनेक्शन के मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा करने को तैयार होती है, तो वे वार्ता के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना और जनआंदोलन जारी रहेगा। अब पूरे प्रदेश में ज्ञापन अभियान के जरिए सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है, जिससे जल्द समाधान निकलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *