Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर, मिर्जापुर-प्रयागराज में स्कूल बंद

लखनऊ/मिर्जापु:- उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले तीन से चार दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ समेत वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, हमीरपुर, बांदा, कानपुर नगर, फतेहपुर, अयोध्या, आजमगढ़ और शाहजहांपुर में बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए मिर्जापुर में कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। वहीं प्रयागराज में भी भारी बारिश और जलभराव के कारण सभी विद्यालयों में 18 अगस्त को ‘रेनी-डे’ घोषित किया गया।

अगले 4-5 दिनों तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून की सक्रियता के पीछे चक्रवाती परिसंचरण और मानसूनी द्रोणी की अनुकूल स्थिति प्रमुख कारण है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। हालांकि अगले 48 घंटे के दौरान बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है। इसके बाद करीब तीन दिन में बारिश का दायरा और तीव्रता फिर बढ़ सकती है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

सामान्य से 20 फीसदी कम रही सीजन की बारिश

उत्तर प्रदेश में इस मानसूनी सीजन के दौरान अब तक बारिश सामान्य से कम रही है। 1 जून से 17 अगस्त तक प्रदेश में अनुमानित 496 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 398 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह सामान्य बारिश से करीब 20 फीसदी कम है। हालांकि पिछले 24 घंटे बारिश के लिहाज से काफी सक्रिय रहे। इस अवधि में प्रदेश में अनुमानित 7.4 मिलीमीटर के मुकाबले 17.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से करीब 136 फीसदी अधिक है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार अयोध्या में 34, बाराबंकी में 35, गाजीपुर में 31, कन्नौज में 30, प्रयागराज में 47, सोनभद्र में 67, बरेली में 44, मुजफ्फरनगर में 42, शाहजहांपुर में 40 और पीलीभीत में 30 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

लखनऊ में सुबह से बारिश, तापमान में गिरावट

राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। शहर के कुछ इलाकों में तेज बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

35 डिग्री तापमान के साथ मेरठ रहा सबसे गर्म

सोमवार को मेरठ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

19 अगस्त से फिर बढ़ सकता है बारिश का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिमी दिशा से आगे बढ़ने के बाद उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से 19 अगस्त से उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 20 और 21 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

मिर्जापुर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद

मिर्जापुर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

प्रयागराज में सभी स्कूलों में रेनी-डे घोषित

प्रयागराज में भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव को देखते हुए छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर 18 अगस्त 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में ‘रेनी-डे’ अवकाश घोषित किया गया। यह आदेश केवल सरकारी विद्यालयों तक सीमित नहीं रहा। प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के परिषदीय, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से मान्यता प्राप्त हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों पर भी इसे लागू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *