Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

गोदाम में लगी आग ने लिया विकराल रूप, पुलिस और दमकल विभाग अलर्ट

राजधानी देहरादून के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक पलटन बाजार में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग बाजार में स्थित ननकानी गारमेंट्स नामक कपड़ों की दुकान की तीसरी मंजिल पर बने गोदाम में लगी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान की तीसरी मंजिल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इसके लिए कुछ तकनीकी कर्मचारी वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक चिंगारी कपड़ों के गोदाम तक पहुंच गई, जिससे वहां रखे ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों और बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ के बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

घंटों तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों और इमारतों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी अब आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और व्यापारियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *