Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

विरोध प्रदर्शन पर बोलीं भूमि पेडनेकर, यूजर्स ने पूछे तीखे सवाल

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर आपत्ति जताते हुए एक वीडियो साझा किया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। भूमि ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि किसी भी विरोध-प्रदर्शन के दौरान अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन उसे मर्यादा और शालीनता के साथ व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस तरह लोग अपने परिवार के बुजुर्गों से अपमानजनक भाषा में बात नहीं करते, उसी तरह सार्वजनिक जीवन में भी सम्मान बनाए रखना जरूरी है। भूमि ने कहा कि हमारी संस्कृति और संस्कार हमें संयम और सम्मान की सीख देते हैं, इसलिए किसी भी मुद्दे पर अपनी बात सभ्य तरीके से रखनी चाहिए।

हालांकि भूमि का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने उनसे सवाल किया कि उन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों के साथ हुए व्यवहार पर टिप्पणी क्यों नहीं की। कुछ यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उनके वीडियो को एकतरफा बताया। सोशल मीडिया पर कई प्रतिक्रियाओं में यह भी कहा गया कि यदि सार्वजनिक जीवन में शालीन भाषा की बात की जा रही है तो सभी पक्षों पर समान रूप से टिप्पणी होनी चाहिए। कुछ यूजर्स ने कटाक्ष करते हुए उनके वीडियो को “स्क्रिप्टेड” बताया, जबकि कुछ ने उन्हें केवल एक पक्ष की बात रखने का आरोप लगाया। भूमि पेडनेकर ने अपने वीडियो में युवाओं से अपील की कि वे किसी भी मुद्दे पर अपनी बात रखते समय भाषा की गरिमा बनाए रखें। उनका कहना था कि सकारात्मक बदलाव तभी संभव है, जब संवाद सम्मानजनक तरीके से किया जाए और समाज में एक-दूसरे के प्रति आदर की भावना बनी रहे। वर्क फ्रंट की बात करें तो भूमि पेडनेकर जल्द ही फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्र पति शिवाजी महाराज’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में अभिनेता ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि भूमि पेडनेकर योद्धा रानी बेलवाडी मल्लम्मा का किरदार निभाती दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *