Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

19 मई को प्रदेशभर में रहेगा शुष्क मौसम, तेज धूप बढ़ाएगी परेशानी

उत्तराखंड में मौसम इन दिनों लगातार रंग बदल रहा है। एक ओर मैदानी जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है, तो दूसरी ओर पहाड़ी इलाकों में बारिश, आंधी और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल 18 और 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन इसके बाद एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई को पूरे उत्तराखंड में मौसम साफ रहने की संभावना है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। खासकर देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 20 मई से प्रदेश में फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 20, 21 और 22 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया है। वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार मानसून सामान्य समय से पहले उत्तराखंड पहुंच सकता है। केरल में 26 मई तक मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई है,

जिसके बाद उत्तराखंड में भी समय से पहले मानसून की एंट्री के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर के मुताबिक सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून 25 जून के आसपास पूरी तरह सक्रिय होता है, लेकिन इस बार यह 20 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। अगर ऐसा होता है तो उत्तराखंड में इस बार गर्मी का असर कम समय तक रह सकता है। हालांकि मानसून जल्दी आने से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी समस्याओं की आशंका भी बढ़ सकती है। ऐसे में मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *