Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/uttaranchalratna.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

चयनित कार्मिकों से सीएम की अपील, ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए युवाओं को डिजिटल माध्यम से एक प्रेरणादायक पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में चयनित कार्मिकों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने पत्र में लिखा कि वर्ष 2022 में जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश का मुख्य सेवक बनने का अवसर दिया। इसके बाद सरकार ने बेरोजगारी की समस्या को कम करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर बड़े स्तर पर भर्ती अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति दे चुकी है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब युवाओं को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में राज्य सरकार के सख्त नकल विरोधी कानून की भी अहम भूमिका बताई। मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर योग्य युवाओं को उनका अधिकार दिलाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने चयनित युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने कार्मिकों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने को कहा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी कर्मचारी मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देते हुए आम जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखाएं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से फोन पर भी बातचीत की। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत प्रदेश के विकास और बेहतर प्रशासन की मजबूत नींव बनेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नए चयनित कर्मचारी राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *