हरियाणा में अक्टूबर 2024 में नायब सिंह सैनी के दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से लगातार विशेष महत्व मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लगातार हरियाणा दौरों ने यह संकेत दिया है कि विकास, संगठन और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से हरियाणा भाजपा के लिए बेहद अहम राज्य बन चुका है। केंद्र और राज्य सरकार के बीच मजबूत समन्वय के चलते प्रदेश में कई बड़ी विकास योजनाओं को गति मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद के दौरे पर पहुंचेंगे, जो मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में उनका दूसरा हरियाणा दौरा होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद-सोनीपत रेलखंड पर हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ कई रेलवे और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। यही वजह है कि उन्हें केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पंजाब विधानसभा चुनाव सहित अन्य राज्यों में भी पार्टी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे पहले भी उन्हें भाजपा के प्रमुख स्टार प्रचारकों में शामिल किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई सार्वजनिक मंचों पर नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की है। उन्होंने हरियाणा सरकार को सुशासन और अनुभव का मजबूत उदाहरण बताते हुए विश्वास जताया कि राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा को विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण भागीदार भी बताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कई मौकों पर हरियाणा सरकार के कार्यों की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के कई दौरे किए, जिनमें रोहतक, कुरुक्षेत्र और पंचकूला शामिल हैं। इन दौरों के दौरान उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और प्रशासनिक सुधारों की सराहना की।